मंदिर के कमरे में फंदे से लटका मिला पुजारी का शव
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
खरेला (महोबा), 4 अगस्त। खरेला कस्बे में मंगलवार सुबह हुलकन माता मंदिर परिसर स्थित एक कमरे में मंदिर के पुजारी का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना खरेला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ओमप्रकाश शर्मा (70) पुत्र स्वर्गीय मइयादीन, निवासी मुहाल हले-1, खरेला के रूप में हुई है। वह हुलकन माता मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा कर रहे थे। मंगलवार सुबह परिजन मंदिर पहुंचे तो कमरे के अंदर उनका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें जांच में शामिल किया जाएगा।
बताया गया है कि मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें से दो बाहर रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों और आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में एकत्र हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत्यु के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अरबाज़ हाशमी
जिला ब्यूरो चीफ, एमडी न्यूज़


