महोबा। यह तस्वीरें किसी नदी या तालाब की नहीं, बल्कि महोबा जनपद के पनवाड़ी कस्बे की गलियों की हैं, जहाँ बारिश के बाद जलभराव ने विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
कस्बे के तिवारीपुरा, मंडी क्षेत्र और जी.आई.सी. (गवर्नमेंट इंटर कॉलेज) के आसपास की गलियां इन दिनों पानी से लबालब भरी हुई हैं। हालात ऐसे हैं कि सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं। इन्हीं रास्तों से प्रतिदिन हजारों स्कूली बच्चे अपने विद्यालय जाने को मजबूर हैं। गंदे पानी से होकर गुजरने के कारण बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिसलकर चोट लगने के साथ-साथ जलजनित बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है और नालियों की नियमित सफाई भी नहीं कराई जाती। यही वजह है कि हर बरसात में कस्बे के कई हिस्से जलमग्न हो जाते हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
कस्बावासियों की मांग है कि तत्काल नालियों की सफाई कराई जाए, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत कार्य शुरू किए जाएं, ताकि आमजन और स्कूली बच्चों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पनवाड़ी कस्बे को जलभराव की इस समस्या से आखिर कब मुक्ति मिलेगी? और जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे?
रिपोर्ट: अरबाज़ हाशमी
जिला ब्यूरो चीफ, MD News

![]()
