गंगा नदी में नहाते समय 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूबा, रेस्क्यू अभियान जारी
फतेहपुर। जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित खुसरूपुर गंगा घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाने के दौरान 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि रवि कुमार (18) पुत्र ओमप्रकाश, थाना थरियांव क्षेत्र के नेवादा गांव का निवासी है। वह अपने नाना के घर खुसरूपुर गांव आया हुआ था और अपनी मौसी के साथ गंगा स्नान करने गया था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस तथा ओम घाट भिटौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गंगा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से बचें और पूरी सावधानी बरतें।

![]()
