रिपोर्ट-अब्दुल रहीम
गोण्डा। जीआरपी थाना गोण्डा पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर उनका सामान चोरी करने वाले तीन शातिर अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, कूटरचित आधार कार्ड, चोरी का मोबाइल फोन, रेलवे टिकट, नशीली ACTIVAN गोलियां तथा 8,659 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों एवं सर्कुलेटिंग एरिया में अपराधों की रोकथाम, जहरखुरानी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में 6 अगस्त 2026 को जीआरपी थाना गोण्डा की टीम ने रेलवे स्टेशन गोण्डा के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पश्चिमी छोर से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जमील, सलीम खान और मोहम्मद अंसार के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल और बिहार के निवासी हैं तथा वर्तमान में दिल्ली में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपी विभिन्न रेल मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश कर देते थे और फिर उनका सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
बरामद सामान और आरोपियों का संबंध जीआरपी थाना गोण्डा में दर्ज मुकदमा संख्या 18/26 से पाया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों तथा विभिन्न राज्यों में की गई वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जीआरपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
![]()
