अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज

रुदौली विकासखंड क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव के मुख्य मार्ग पर करीब दो महीने से जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को लेकर PWD विभाग के जेई मिथिलेश कुमार को फोन पर जानकारी दी गई। जेई मिथिलेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेजा और मुख्य मार्ग पर जलनिकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कराई। इससे फिलहाल ग्रामीणों को जलभराव से कुछ राहत मिली है और आवागमन में सहूलियत हुई है। ग्रामीणों ने समस्या पर त्वरित संज्ञान लेने और मौके पर कर्मचारियों को भेजकर व्यवस्था कराने के लिए PWD के जेई मिथिलेश कुमार का आभार जताया है। हालांकि, करीब दो महीने से चली आ रही इस समस्या को लेकर फेलसंडा और मुजफ्फरपुर ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने लगातार उप जिलाधिकारी रुदौली, खंड विकास अधिकारी रुदौली तथा दोनों ग्राम पंचायतों के सचिवों को जलभराव की समस्या से अवगत कराया, लेकिन लंबे समय तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका। फिलहाल PWD की ओर से की गई वैकल्पिक व्यवस्था से ग्रामीणों को राहत जरूर मिली है, लेकिन मुख्य सवाल अब भी बना हुआ है कि दो महीने से जारी जलभराव का स्थायी समाधान कब होगा और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय की जाएगी? ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।
![]()
