जिंदपुर टोल प्लाजा पर बवाल: कर्मचारियों से मारपीट, तोड़फोड़ का आरोप
फतेहपुर जनपद के ललौली थाना क्षेत्र के जिंदपुर टोल प्लाजा पर गुरुवार दोपहर तिरंगा रैली के दौरान वाहनों को निकालने को लेकर जमकर बवाल हुआ। टोल कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद के बाद एक सैकड़ा से अधिक लोग टोल प्लाजा पहुंच गए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान टोल बूथों और बूम मशीनों में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।टोल कर्मचारियों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूली बसों और लोकल वाहनों को निकालने को लेकर शुभम यादव उर्फ गोलू यादव, बच्ची लाल समेत कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोग टोल प्लाजा पहुंच गए।आरोप है कि भीड़ ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और टोल की बूम मशीनों व बूथों में तोड़फोड़ कर संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि करीब एक घंटे तक टोल को जबरन फ्री करा दिया गया।मारपीट में जिंदपुर टोल प्लाजा के शिफ्ट इंचार्ज प्रशांत राठौर और कर्मचारी मनोज पुत्र देवनारायण निवासी विश्वनाथ खेड़ा, थाना मोरवा, जिला उन्नाव के घायल होने की बात सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही ललौली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। करीब एक घंटे बाद सीओ जाफरगंज अविनाश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल कर्मचारियों और टोल प्रबंधन से घटना की जानकारी ली।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका, टोल प्लाजा में हुई तोड़फोड़ और संपत्ति को हुए नुकसान का सत्यापन किया जा रहा है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

![]()
