शिव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने लिया ‘व्यापारी जनता पार्टी’ बनाने का निर्णय

व्यापारी आयोग के गठन समेत कई मांगों को लेकर उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में बनी रणनीति

वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के दरेखू-शहावाबाद स्थित ठिकाना होटल में उद्योग व्यापार मंडल की आवश्यक बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापारी हितों की रक्षा एवं व्यापारियों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से ‘व्यापारी जनता पार्टी’ बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में व्यापारियों ने व्यापारी आयोग के गठन, व्यापारियों को सैनिक जैसा सम्मान देने, शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्र की तर्ज पर प्रदेश के 50 लाख पंजीकृत व्यापारियों में से छह क्षेत्रों से छह विधान परिषद सदस्यों के निर्वाचन की मांग उठाई। साथ ही व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की जिले में नियमित मासिक बैठक सुनिश्चित करने, जीएसटी के नाम पर अनावश्यक नोटिस जारी नहीं करने तथा किसी भी विभाग द्वारा व्यापारियों के शोषण पर रोक लगाने की मांग की गई।
व्यापारियों ने बाजारों में सैंपलिंग एवं बाट-माप विभाग के नाम पर व्यापारियों को परेशान न करने, व्यापारी सुरक्षा दुर्घटना बीमा लागू करने, व्यापारियों के आयुष्मान कार्ड बनाने, सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराने, ऑनलाइन व्यवस्था में आ रही समस्याओं का समाधान करने तथा दुकान क्षतिग्रस्त या जलने की स्थिति में मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता दिए जाने की मांग भी रखी।
बैठक में उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शिवम सिंह, संरक्षक दशरथ केसरी, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत जायसवाल व आशीष गुप्ता, युवा प्रदेश अध्यक्ष बृजेश केसरी, महामंत्री प्रदीप अग्रहरि, पूर्वांचल महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सविता सिंह, काशी प्रांत अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरि, जिला अध्यक्ष शुभम सिंह, महिला जिला अध्यक्ष आरती पटेल, युवा जिला अध्यक्ष राधिका तिवारी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. सर्वेश सिंह, गया गुप्ता सहित 35 बाजारों के अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का माला और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता ने व्यापारियों से संगठन को मजबूत एवं सशक्त बनाने तथा एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा और बाजारों के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा। यदि सभी व्यापारी एक मंच पर रहेंगे तो उनकी समस्याओं का समाधान आसानी से कराया जा सकेगा। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने संगठन को सक्रिय एवं सशक्त बनाने तथा व्यापारी हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *