रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा

प्रगति में सुधार के निर्देश
बदायूँ: 19 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत ने बताया कि विशेष अभियान के तहत विभिन्न श्रेणियों के शेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा बनाए जा रहे हैं। पिछले तीन माह के अभियान के दौरान जनपद में 66,286 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिसके आधार पर बदायूँ प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड बिसौली, दातागंज एवं कादरचौक में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति न्यूनतम पाए जाने पर संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी आरसीएच ने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में लाभार्थियों को 1,400 रुपये तथा शहरी क्षेत्र में 1,000 रुपये की धनराशि का भुगतान किया जाता है। योजना के अंतर्गत 75 प्रतिशत लाभार्थियों को ऑनलाइन भुगतान किया जा चुका है। विकासखंड अम्बियापुर, इस्लामनगर एवं वजीरगंज में भुगतान की प्रगति 72 प्रतिशत से कम पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व इन तीनों विकासखंडों में जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का भुगतान 75 प्रतिशत तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने नियमित टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अद्यतन ड्यूलिस्ट तैयार करने तथा बच्चों का पूर्ण प्रतिरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी टीका लगवाने तथा परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत अधिक से अधिक महिला नसबंदी कराने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस, जिला पूर्ति अधिकारी, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक, नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला क्षयरोग अधिकारी, समस्त नोडल अधिकारी तथा सभी विकासखंडों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *