हाथरस। बागला जिला चिकित्सालय परिसर स्थित एमडी टीबी अस्पताल में नई इमरजेंसी ब्लॉक का शुभारंभ किया गया। सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नई इमरजेंसी का उद्घाटन किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि पुरानी इमरजेंसी में एक समय में केवल 6 से 8 मरीजों का उपचार हो पाता था, जबकि नई इमरजेंसी में एक साथ 16 से 18 मरीजों का इलाज किया जा सकेगा। इससे गंभीर और आकस्मिक स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को तत्काल उपचार मिलने में सुविधा होगी।

नई इमरजेंसी में संभावित हार्ट अटैक के मरीजों के उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए करीब 40 हजार रुपये कीमत वाला इंजेक्शन पात्र मरीजों को अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।

जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश एवं मार्गदर्शन में पुरानी इमरजेंसी की सीमित सुविधाओं को देखते हुए नई इमरजेंसी के लिए स्थान निर्धारित कर इसका निर्माण कार्य पूरा कराया गया। नई इमरजेंसी के बाहर पर्याप्त खुला क्षेत्र होने से मरीजों और तीमारदारों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

कार्यक्रम में विधायक और जिला अध्यक्ष ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नई इमरजेंसी शुरू होने से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

इस अवसर पर साफू एनजीओ के सहयोग से 25 टीबी मरीजों को पोषण पोटली भी वितरित की गई। इसके माध्यम से मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, जिससे उपचार के साथ उनके पोषण स्तर में भी सुधार हो सके।

रिपोर्टर राजा पाठक

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *