मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गांव नरौली में बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब भारतीय किसान यूनियन (सुनील) की पदाधिकारी मीना ठाकुर जलभराव और गंदगी की समस्या का समाधान न होने से नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़ गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मीना ठाकुर का आरोप है कि मोहन नगर, नरौली और भरतपुर रोड क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव व गंदगी की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। शिकायतों पर सुनवाई न होने से नाराज होकर उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़ने का कदम उठाया।

महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मीना ठाकुर ने पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि जब तक जलभराव और गंदगी की समस्या के समाधान का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक वह टंकी से नीचे नहीं उतरेंगी। पुलिस द्वारा उन्हें लगातार समझाने का प्रयास किया जाता रहा। घटना को लेकर गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *