
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका सबसे अहम”: नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में बोले विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया
दिनांक: 07 सितम्बर 2026
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
विधानसभा क्षेत्र दातागंज,आज बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, जनपद बदायूँ के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कार्यालय में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम गरिमामयी माहौल में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं सभापति प्रतिनिधि विधायन समिति राजीव कुमार सिंह उर्फ ‘बब्बू भैया’ उपस्थित रहे। विधायक के कर-कमलों द्वारा कुल 15 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 158 सहायिकाओं को विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर नवनियुक्त कर्मियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत रीढ़ हैं। नौनिहालों की आरंभिक शिक्षा, समुचित पोषण तथा गर्भवती व धात्री माताओं की देखभाल सुनिश्चित करने में इनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘पोषण अभियान’ को जन-आंदोलन का रूप दिया गया है। विधायक ने सभी नवनियुक्त कर्मियों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अध्यापक श्री माधव सिंह द्वारा किया गया।इस अवसर पर तहसीलदार दातागंज, कार्यक्रम संयोजक व म्याऊं सीडीपीओ श्री हरेन्द्र जी, उसावां, समरेर एवं दातागंज के सीडीपीओ, पत्रकार बंधु तथा नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
