
विश्वकर्मा पूजा पर राजकीय अवकाश व शिल्प कला बोर्ड के लिए संघर्ष करेगी महासभा : अशोक विश्वकर्मा
वाराणसी। ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के विकास, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के लिए महासभा संघर्ष करेगी। उन्होंने 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा पर राजकीय अवकाश घोषित करने तथा प्रदेश में शिल्प कला बोर्ड की स्थापना की मांग की।
उन्होंने कहा कि समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, कोचिंग व छात्रवृत्ति की व्यवस्था कराने के साथ ‘हर घर से एक अफसर, हर घर से एक इंजीनियर’ अभियान चलाया जाएगा। पीएम विश्वकर्मा व विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का लाभ कारीगरों तक पहुंचाने, आधुनिक टूलकिट, प्रशिक्षण व पांच लाख रुपये तक बिना गारंटी ऋण दिलाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे।
अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कारीगरों के पलायन को रोकने के लिए हर जिले में फर्नीचर एवं हस्तशिल्प क्लस्टर बनाने, ओबीसी सुरक्षा एक्ट लागू करने तथा भगवान विश्वकर्मा के जीवन चरित्र को पाठ्यक्रम में शामिल करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा पूजा का राजकीय अवकाश और शिल्प कला बोर्ड की स्थापना होने तक महासभा संघर्ष जारी रखेगी।
