
स्पर्शगंगा अभियान में गंगा स्वच्छता का संदेश
वाराणसी। गंगा को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने के संकल्प के साथ श्रेयन कॉलेज ऑफ फायर एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग, वाराणसी एवं अर्पित फाउंडेशन, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में स्पर्शगंगा अभियान आयोजित किया गया। इसमें गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि गंगा भारत की संस्कृति, आस्था और सभ्यता की जीवनधारा है। इसे स्वच्छ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। विशिष्ट अतिथि डॉ. नम्रता जोशी, सुपरिटेंडेंट आयुर्वेदिक फार्मेसी, आईएमएस-बीएचयू तथा प्रो. राजेश कुमार, कार्यवाहक निदेशक एवं डीन, शोध एवं विकास, बीएचयू ने भी जनभागीदारी और युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नवल मधेशिया, निदेशक, श्रेयन कॉलेज ऑफ फायर एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग तथा हनी पाठक, अध्यक्ष, अर्पित फाउंडेशन की विशेष सहभागिता रही। हनी पाठक ने युवाओं से गंगा संरक्षण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल मां गंगा का संकल्प लिया। अंत में नवल मधेशिया ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
