
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर/बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन (अ.) के जिला अध्यक्ष मो. सलीम वारसी के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि बिलासपुर चीनी मिल की मशीनें गन्ना पेराई सीजन शुरू होने से पहले ही बदलवाई जाएं, क्योंकि वर्तमान में लगी मशीनें काफी खराब हालत में हैं, जिसके कारण गन्ने की पेराई प्रभावित होने की आशंका है।
किसान नेताओं ने मांग की कि धान का सीजन आने वाला है, इसलिए धान क्रय केंद्रों को समय से चालू कराने के आदेश दिए जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज का सरकारी निर्धारित मूल्य मिल सके और उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में विद्युत विभाग द्वारा घरेलू विद्युत कनेक्शनों पर लगाए गए स्मार्ट मीटरों का मुद्दा भी उठाया गया। यूनियन ने कहा कि स्मार्ट मीटरों को लेकर शासन स्तर से रोक के बावजूद कई स्थानों पर इन्हें बदला नहीं गया है तथा इन मीटरों में रीडिंग दिखाई नहीं देने की समस्या सामने आ रही है। इस समस्या का समाधान कराने की मांग की गई।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश के कारण रास्तों और नालियों में जमा गंदगी की सफाई कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि गंदगी के कारण मच्छर पैदा हो रहे हैं और लोगों में बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों एवं रास्तों की सफाई कराई जाए।
भारतीय किसान यूनियन (अ.) ने प्रशासन से सभी समस्याओं का शीघ्र संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन के दौरान यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
