रिपोर्ट शाहनूर आलम प्रयागराज मंडल सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

MD NEWS बहुआयामी समाचार
फतेहपुर । पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में अपराध समीक्षा गोष्ठी कर जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर अपराधों में वांछित एवं पुरस्कार घोषित आरोपियों की गिरफ्तारी, संपत्ति और शरीर संबंधी अपराधों के शीघ्र अनावरण तथा लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। गोष्ठी में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई और गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की समीक्षा की गई। थानों में दर्ज फर्जी जमानतदारों से संबंधित मुकदमों में हुई कार्रवाई की भी जानकारी ली गई। दुर्घटना से जुड़े उन मामलों की समीक्षा की गई, जिनमें गलत तरीके से सीएस लगाई गई थी तथा बाद में संज्ञान में आने पर मुकदमे दर्ज किए गए। दुर्घटना एवं अन्य मामलों में गठित एसआईटी से संबंधित अभियोगों की विवेचना की प्रगति भी जांची गई। एसपी ने लूट, चोरी, नकबजनी और झपट्टामारी के अनावरण के लिए शेष मामलों की समीक्षा कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। हत्या, गंभीर चोट, जान से मारने के उद्देश्य से हमला जैसे शरीर संबंधी अपराधों के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा लंबे समय से अनावश्यक रूप से लंबित एसआर पत्रावलियों और गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति पर भी जानकारी ली गई। पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में ई-सम्मन, एनसीएल-डी-60/90, ई-साक्ष्य, जमानत कवच, सुरक्षा नेत्र, सीएस/एफआर, मेडिकोलीगल/पीएम, सीईआईआर, सीएम डैशबोर्ड, सीसीटीएनएस, यक्ष गांडीव (नेटग्रिड), त्रिनेत्र, एनसीआरपी और डीसीआरबी डिजिटल पोर्टल पर की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अंत में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
