‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जिलेभर में होंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम, डीएम ने नोडल अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

हाथरस, 13 सितंबर। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम पर जनपद, तहसील, विकासखंड, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं से जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।
17 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला चिकित्सालय हाथरस सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ, सादाबाद एवं सासनी में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान रक्तदान के साथ मरीजों एवं जरूरतमंदों को फलों का वितरण भी किया जाएगा। वहीं तहसील सभागार हाथरस, सिकंदराराऊ, सादाबाद एवं सासनी में सुबह 10 बजे से विश्वकर्मा टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
शाम 7 बजे जगमगाएगा जनपद
अभियान का प्रमुख आकर्षण शाम 7 बजे आयोजित होने वाला ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत जनपद में कुल 49,509 दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन एवं सभी पुलिस थानों, विकास भवन, श्री दाऊजी महाराज मंदिर, शहीद स्मारक, गांधी पार्क, तहसीलों सहित विभिन्न सरकारी भवनों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्राम पंचायतों तथा नगर निकायों के सभी वार्डों में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों, डिजिटल पुस्तकालयों, अमृत सरोवर, ग्राम सचिवालय, अन्नपूर्णा भवन, गौशालाओं, पानी की टंकियों, विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, औद्योगिक क्षेत्रों, वृद्धाश्रम, जिला स्टेडियम एवं जनपद के मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों को भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल किया गया है। रूहेरी चौराहा, नगला भुस बाईपास चौराहा और कैलोरा चौराहा सहित प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने नामित नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने और कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रमों के बाद विस्तृत रिपोर्ट, पांच उत्कृष्ट फोटोग्राफ्स एवं पांच वीडियो लिंक उपलब्ध कराने तथा संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रमों के वीडियो शेयर एवं टैग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता करने और सेवा, समर्पण, सुशासन एवं जनकल्याण की भावना के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
रिपोर्ट राजा पाठक
