महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में सिसवा बाजार और खड्डा के बीच सोमवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर किनारे कराया। बाद में मृतक की पहचान मोती मुसहर (करीब 65 वर्ष) निवासी सबया टोला बरगदही, थाना कोठीभार के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को सिसवा बाजार स्टेशन अधीक्षक की ओर से सूचना दी गई कि 15212 जननायक एक्सप्रेस के चालक ने सिसवा बाजार-खड्डा के बीच रेलवे ट्रैक के किलोमीटर 323/08-10 पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर कराया।

आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान मृतक की पहचान मोती मुसहर के रूप में हुई। बताया गया कि वह शराब पीने का आदी था और घटना के समय नशे की हालत में रेलवे ट्रैक की ओर चला गया था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर किसी प्रकार की शांति व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं बताई गई है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *