मिशन-2027 में जुटी भाजपा, काशी में 266 विधानसभा प्रभारी-विस्तारकों को मिलेगा चुनावी मंत्र

14-15 अक्टूबर को सुंदरपुर के चौधरी लॉन में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग

बीएल संतोष, विनोद तावड़े और धर्मपाल सिंह करेंगे पदाधिकारियों का मार्गदर्शन

काशी और गोरक्ष क्षेत्र के 133 विधानसभा क्षेत्रों की चुनावी तैयारियों पर रहेगा जोर

वाराणसी उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने में जुटी भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक मोर्चे पर सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में काशी और गोरक्ष क्षेत्र के विधानसभा प्रभारियों एवं विधानसभा विस्तारकों का संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग 14 और 15 अक्टूबर को वाराणसी में आयोजित होगा। दो दिवसीय वर्ग में दोनों क्षेत्रों के कुल 266 पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने शनिवार रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित बैठक में बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य विधानसभा स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों को गति देना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 14 अक्टूबर को शाम चार बजे सुंदरपुर स्थित चौधरी लॉन में होगी। 15 अक्टूबर को शाम चार बजे इसका समापन होगा। दो दिनों में विभिन्न विषयों पर छह सत्र आयोजित किए जाएंगे।

133 विधानसभा क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

प्रशिक्षण वर्ग में काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा सीटों के लिए 142 और गोरक्ष क्षेत्र की 62 सीटों के लिए 124 पदाधिकारी शामिल होंगे। इस तरह कुल 266 विधानसभा प्रभारी और विस्तारक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। पार्टी नेतृत्व का जोर विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने पर रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन अनूप जायसवाल ने किया, जबकि विद्याधर तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर अजीत रावत, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिता त्रिपाठी, अमित राय, जगदीश त्रिपाठी, प्रवीण सिंह गौतम, पूजा दीक्षित, मधुप सिंह और क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *