जनपद में अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में छपार पुलिस ने देर रात रामपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर बिना लाइसेंस पटाखों का परिवहन और बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सहारनपुर की ओर से आ रही एक महिंद्रा पिकअप को चेकिंग के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर तिरपाल से ढके 16 कार्टूनों में विभिन्न कंपनियों के करीब 380 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने पटाखों के साथ महिंद्रा पिकअप को भी कब्जे में लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशुल पुत्र उदय भारती, निवासी अलीपुरा दामको, थाना बेहट, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पटाखों को सहारनपुर से खरीदकर मुज़फ्फरनगर में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की बात बताई है। उसके पास पटाखों के परिवहन और बिक्री का लाइसेंस नहीं होने की बात भी सामने आई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार के निर्देशन तथा छपार थाना प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी मोहित कुमार, उपनिरीक्षक सुभाष चंद, आरक्षी जितेंद्र सिंह और आरक्षी विनोद कुमार शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अब देखना होगा कि पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध पटाखों की खरीद-फरोख्त करने वालों पर अभियान कितना प्रभावी साबित होता है।

1 view

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed