संवाददाता-तेज बहादुर शर्मा।
दरियाबाद बाराबंकी। थाना दरियाबाद क्षेत्र के ग्राम मेड़ईकपुरवा में जमीन के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक महिला ने अपने जेठ, जेठानी, ससुर और अन्य परिजनों पर अपने पति की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव जलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में अर्चना पत्नी सुनील वर्मा निवासी ग्राम मेड़ईकपुरवा, पोस्ट तारापुर ने बताया कि 16 नवंबर 2026 को सुबह करीब आठ बजे वह अपने पति के साथ खेत में काम कर रही थी। प्यास लगने पर उसका पति करीब 10 बजे पानी लेने घर चला गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर वह पति की तलाश में घर पहुंची। आरोप है कि घर के बाहर से दरवाजा बंद देखकर वह आसपास पता करने चली गई। इसी दौरान उसके जेठ अनिल और शिवगोविन्द घर की ओर आते दिखाई दिए। महिला के अनुसार, जब वह उनके पीछे घर की तरफ पहुंची तो दोनों चार फीट ऊंची बाउंड्री लांघकर घर के अंदर गए और दरवाजा खोलकर उसके पति के खून से लथपथ शव को बाहर घसीटने लगे।
अर्चना का आरोप है कि पति की हालत देखकर जब उसने शोर मचाया तो पीछे से जेठानी ममता, पूनम, भतीजे अभिषेक उर्फ अभय, अमन और ससुर माता प्रसाद लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए।

आरोप है कि सभी ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर के अंदर घसीट ले गए।
जेठानियों ने उसका मुंह दबाकर जमीन पर गिरा दिया। इसी दौरान अन्य लोग उसके पति के शव को ले जाकर जला दिए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी शव जलाने के बाद घर छोड़कर फरार हो चुके थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जमीन के बंटवारे को लेकर 15 नवंबर को उसके जेठों ने चौराहे पर उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी जमीन की रंजिश में उसके पति की हत्या कर शव जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
पीड़िता का कहना है कि उसने घटना के संबंध में शाम को थाना दरियाबाद में प्रार्थना-पत्र दिया था, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
इसके बाद 17 नवंबर को पुलिस अधीक्षक बाराबंकी को शिकायती पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल ये सभी आरोप पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में लगाए गए हैं। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और जांच की स्थिति सामने आना बाकी है।
