रिपोर्ट-विजय कुमार

लखीमपुर खीरी। गोकर्णनाथ नगर में बजाज शुगर फैक्ट्री से उड़कर आने वाली काली राख लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। फैक्ट्री से निकलने वाली काली राख हवा के साथ उड़कर लोगों के घरों, दुकानों और खान-पान की वस्तुओं तक पहुंच रही है। इससे आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों में चिंता बढ़ती जा रही है।

ताजा मामला एक शादी समारोह से जुड़ा सामने आया है। शादी समारोह में मेहमानों के खान-पान और भोजन की व्यवस्था के लिए डेयरी से दूध मंगाया गया था। जब दूध को बर्तन में डाला गया तो उसमें काली राख के कण दिखाई दिए। इस संबंध में डेयरी संचालक ने बताया कि बजाज शुगर फैक्ट्री से लगातार काली राख गिरती रहती है, जिसके कारण दूध में भी राख के कण पहुंच गए।

शादी समारोह के परिवार वालों ने बताया कि उनके यहां लगभग 1000 मेहमानों के आने की व्यवस्था है। ऐसे में यदि भोजन, दूध या अन्य खाद्य सामग्री में राख गिरती है और किसी व्यक्ति की सेहत को नुकसान पहुंचता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? परिवार का कहना है कि ऐसी स्थिति में उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ सकता है।

स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाली काली राख के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। खाद्य सामग्री और दुकानों में राख पहुंचने से ग्राहकों के सामने भी परेशानी खड़ी हो रही है। व्यापारियों का आरोप है कि बार-बार ऐसी समस्याएं सामने आने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगरवासियों को इस काली राख से कब राहत मिलेगी? क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या या हादसे का इंतजार कर रहे हैं?

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बजाज शुगर फैक्ट्री से निकलने वाली राख की जांच कराई जाए तथा प्रदूषण रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे नगरवासियों, व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिल सके।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed