चिलकाना। देर रात दोस्त से मिलने नल्हेड़ा जा रहे कस्बा निवासी दो युवक बाइक समेत पुलिया निर्माण के लिए एक सप्ताह पहले सड़क पर खोदी खाई में गिर गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दाेनों युवकों की उपचार के दौरान मौत हो गई। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से हुए हादसे को लेकर कस्बा वासियों में रोष व्याप्त हो गया। वहीं हादसा होने के बाद विभाग ने घटनास्थल पर मार्ग से यातायात बाधित होने का बोर्ड लगवा दिया।
चिलकाना के मोहल्ला हामिद हसन निवासी 22 वर्षीय शाने आलम पुत्र शहजाद और मोहल्ला जाकिर हसन निवासी 20 वर्षीय गुलबहार पुत्र इरफान अंसारी शुक्रवार रात करीब 10 बजे बाइक से ग्राम नल्हेड़ा में अपने दोस्त के यहां जा रहे थे। चिलकाना-नल्हेड़ा मार्ग पर पुलिया बनाने के लिए करीब एक सप्ताह पहले सड़क खोदी गई थी, लेकिन वहां यातायात बाधित होने का कोई संकेतक नहीं लगाया गया था।
अंधेरा होने के कारण बाइक सवार दोनों युवक सड़क खोदकर बनाए गए गड्ढे को भांप नहीं सके। उनकी बाइक गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना में दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। हेलमेट न होने के कारण सिर में गहरी चोट लगने से दोनों युवक बेहोश हो गए। इसी दौरान पीछे चल रहे दूसरे बाइक सवारों ने उन्हें उठाया और उनके स्वजन को सूचना दी। स्वजन उन्हें सहारनपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर

