वाराणसी।

थाना जंसा क्षेत्र के जलालपुर स्थित अर्पित हॉस्पिटल के संचालक/चिकित्सक से फोन पर ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में फरार अभियुक्त पर पुलिस ने ₹25,000 का इनाम घोषित किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हॉस्पिटल संचालक से अज्ञात व्यक्ति द्वारा कॉल और व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। वादी की तहरीर पर थाना जंसा पुलिस ने मु0अ0सं0 165/2025, धारा 308(4), 351(4) भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
वादी द्वारा प्रस्तुत कॉल रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रंगदारी मांगने वालों की पहचान सचिन कुमार सिंह एवं मनीष कुमार सिंह, पुत्र स्व. जगतनारायण सिंह, निवासी ग्राम दीनदासपुर, थाना जंसा, जनपद वाराणसी, उम्र लगभग 39 वर्ष, के रूप में की।
थाना जंसा पुलिस ने लगातार तकनीकी सर्विलांस और प्रयासों के बाद मुंबई के वेस्टर्न रेलवे कॉलोनी, माटुंगा रोड के पास से अभियुक्त सचिन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, मुकदमे में वांछित अभियुक्त मनीष कुमार सिंह अभी भी फरार चल रहा है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
फरार रहने के चलते पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन द्वारा अभियुक्त मनीष कुमार सिंह पर ₹25,000 का पुरस्कार घोषित किया गया है।
वांछित अभियुक्त का विवरण:
➡️ नाम – मनीष कुमार सिंह
➡️ पिता – स्व. जगतनारायण सिंह
➡️ निवासी – ग्राम दीनदासपुर, थाना जंसा, जनपद वाराणसी
