MD News बहुआयामी समाचार चैनल जिला ब्यूरो चीफ वेद प्रकाश राजपूत जनपद अयोध्या
अयोध्या के रुदौली स्थित मवई ब्लॉक के पंचायत सचिवों ने बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी साइकिल से अपने संबंधित गांवों में पहुंचकर सरकारी कार्य किया। वे मोटर चालित भत्ते की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संयुक्त संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अंकुर यादव ने बताया कि पंचायत सचिवों को केवल साइकिल भत्ता दिया जा रहा है। इसी के विरोध में सचिव दो दिनों से साइकिल से गांव पहुंच रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं, तो गांवों में विकास की गति धीमी हो सकती है।
यादव ने बताया कि एक पंचायत सचिव के पास कई गांवों की जिम्मेदारी होती है। एक गांव से दूसरे गांव जाने में काफी समय लगता है, जो साइकिल से संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से गांवों के विकास को ध्यान में रखते हुए इस मामले पर शीघ्र विचार करने की मांग की।
इससे पहले, पंचायत सचिवों ने एक सप्ताह पूर्व भी ब्लॉक मुख्यालय पर एफआरएस ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली और गैर-विभागीय कार्यों के बढ़ते बोझ के खिलाफ अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया था।
अंकुर यादव ने कहा कि सचिवों पर लगातार बढ़ते दायित्व, तकनीकी संसाधनों की कमी और अव्यवस्थित ऑनलाइन सिस्टम ने कार्यप्रणाली को बेहद कठिन बना दिया है। ऐसे में एफआरएस व्यवस्था थोपना उचित नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि सचिवों की उपस्थिति, फील्ड कार्य और ग्राम स्तर पर वास्तविक समस्याओं को समझे बिना ऑनलाइन बाध्यकारी प्रणाली लागू करना जमीनी हकीकत को नजरअंदाज करना है।
यादव ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार वास्तविक समाधान नहीं करती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी लालजी चौरसिया, ग्राम पंचायत अधिकारी आदेश चौधरी, गोविंद सिंह, रवि कुमार, अभिषेक सिंह, पंचायत सचिव सौरभ गुप्ता और अतुल दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

