(रिपोर्ट, सूरज गुप्ता)सिद्धार्थनगर | 10 जनवरी 2026
शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित किए जाने वाले सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के क्रम में आज थाना उसका बाजार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।


सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना क्षेत्र से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा गंभीरता से सुना गया। जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने समस्त राजस्व निरीक्षकों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।


उन्होंने राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों को निर्देश दिए कि नाली विवाद, चकमार्ग विवाद, भूमि बंटवारा, अवैध कब्जा एवं पट्टा से संबंधित मामलों में शिकायतकर्ता की उपस्थिति में स्थल पर जाकर कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के सहयोग से मौके पर जाकर प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। अधिकतम मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकरण को लंबित न रखने के निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में उपस्थित सभी शिकायतकर्ताओं से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आपसी विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाएं और किसी प्रकार के लड़ाई-झगड़े से बचें। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर जाकर किया जाएगा।


इस अवसर पर थानाध्यक्ष उसका बाजार, राजस्व निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By MD NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed