मोहम्मदी में रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ पकड़ा
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज़
मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। खेत की मेढ़बंदी के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले कानूनगो भूपेन्द्र सिंह को एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 22 जनवरी को की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कानूनगो ने किसान से राजस्व से जुड़े कार्य को निपटाने के एवज में घूस की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने पहले मामले की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप टीम गठित की।
निर्धारित योजना के तहत जैसे ही कानूनगो ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

