रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने ग्राम रायपुर का मझरा में बरसाती नदी पर पुलिया एवं सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इससे जहां क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों का आवागमन सुगम हो जाएगा, वहीं किसानों को भी अपने खेतों पर आने जाने की सहूलियत मिल जाएगी। इस मौके पर विधायक ने कहा कि विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।
नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रायपुर के मझरे एवं पंजाबनगर के मझरे के बीच बरसाती नदी है। इस नदी पर दोनों गांवों को आपस में जोड़ने के लिए कोई पुलिया नहीं थी, जिस कारण बरसात के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन के लिए काफी दिक्कतें होती थीं। करीब आठ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर ग्रामीणों का आवागमन होता था। स्कूली बच्चों की भी मुश्किलें बढ़ जाती थीं। दोनों गांवों के किसान नदी के आर-पार स्थित अपने खेतों पर नहीं जा पाते थे। ऐसे में काफी समय से क्षेत्र के ग्रामीण सड़क निर्माण एवं पुलिया निर्माण की मांग कर रहे थे। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने पुलिया एवं सड़क निर्माण का प्रस्ताव जिला पंचायत को दिया, जिसके बाद जिला पंचायत ने दोनों प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी। इसके तहत पुलिया निर्माण पर करीब 25 लाख रूपये और सड़क निर्माण पर करीब 20 लाख रूपये खर्च होंगे।
शनिवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना व जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी ने सड़क एवं पुलिया का पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर शहर विधायक ने कहा कि यह पुलिया क्षेत्र के ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए वरदान साबित होगी। क्योंकि, इससे न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी पुलिया अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ग्रामीण विकास को नई ऊंचाईयां मिल रही हैं। आगे भी विकास का यह क्रम जारी रहेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में भी बेहतर सड़कें हों, इसके लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कुंवर बहादुर राजपूत, मुकेश राजपूत, मक्खन लाल सैनी, सोमपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
नदी में डूबकर एक बच्चे की हो गई थी मौत
रामपुर। ग्राम रायपुर का मझरा स्थित बरसाती नदी में डूबने से एक बच्चे की भी मौत हो गई थी। वह खेल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी में चला गया। जिसके बाद उसकी डूबने से मौत हो गई थी। यह घटना पिछले साल हुई थी, जिस पर शहर विधायक आकाश सक्सेना ने पुलिया एवं सड़क बनवाने के लिए कहा था।





