धर्मेन्द्र कसौधन/राष्ट्रीय ब्यूरो
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के हेरा पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित प्रतिभा सम्मान एवं अंकपत्र वितरण समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ईंट व्यवसायी सलीम खान ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘जो विद्यार्थी हमेशा लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ते हैं, वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की कामयाबी ही समाज और अभिभावकों के लिए सबसे बड़ी खुशी होती है।

विद्यालय के प्रबंधक अजीज सुल्फी ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। साथ ही प्रतिभाशाली युवाओं का भी दायित्व बनता है कि वे अपने देश और समाज के लिए कार्य कर अपनी सफलता की पहचान बनाएं।

समारोह में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा अशिदा खातून, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली उम्मे अर्शी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली नहवा अजीज को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

वहीं कक्षा 10 में विशेष उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाली उम्मे हबीबा, कुमारी मोहनी एवं अंबाला सिंह को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पंखा, टेबल फैन, घड़ी सहित विभिन्न उपयोगी उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता डॉ. अजीज अहमद ने की, जबकि संचालन चंद्रेश शास्त्री एवं फखरे आलम ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति भी रही।

