MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट: रोहित जैन दभेड़ी वाले
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद पुलिस के लिए गौरव का विषय बनने वाले निरीक्षक कर्मवीर सिंह को केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक प्राप्त होने पर सम्मानित किया।
वर्ष 2019 में जनपद शामली में प्रसिद्ध भजन गायक अजय पाठक एवं उनके परिवार के कुल चार सदस्यों की नृशंस हत्या कर दी गई थी। इस बहुचर्चित हत्याकांड की विवेचना निरीक्षक कर्मवीर सिंह द्वारा अत्यंत कुशलता, निष्पक्षता एवं पेशेवर तरीके से की गई। उन्होंने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी संकलन करते हुए आरोपी हिमांशू सैनी के विरुद्ध मजबूत आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।
गुणवत्तापूर्ण विवेचना और ठोस साक्ष्यों के आधार पर वर्ष 2024 में माननीय न्यायालय ने आरोपी हिमांशू सैनी को मृत्युदण्ड की सजा सुनाई। इस उत्कृष्ट पुलिस कार्य एवं अपराध की सफल विवेचना के लिए निरीक्षक कर्मवीर सिंह को केन्द्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर SSP संजय कुमार वर्मा ने कर्मवीर सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है तथा इससे अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
