परसामलिक पुलिस ने 100 मुकदमों से संबंधित 929 लीटर अवैध शराब का कराया विनष्टीकरण –
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना परसामलिक पुलिस ने 100 आबकारी मुकदमों से संबंधित 929 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया।
यह कार्रवाई सिविल जज (प्रवर खंड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के आदेश के अनुपालन में मंगलवार, 30 जून 2026 को थाना परसामलिक परिसर में की गई।
विनष्टीकरण की प्रक्रिया राजस्व एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में संपन्न हुई। पूरी कार्रवाई का पंचनामा तैयार किया गया तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इसकी वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी प्रभावी ढंग से की जाती रहेगी।


