खेत में काम करते समय किसान को सांप ने डसा, इलाज के बाद मिली राहत
जहानाबाद, फतेहपुर।
थाना क्षेत्र के ग्राम बंधरा में खेत पर काम कर रहे एक किसान को रविवार सुबह सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहानाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उनकी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बंधरा निवासी नरेंद्र नाथ (69 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ रविवार प्रातः खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उन्हें काट लिया। परिजन तत्काल उन्हें सीएचसी जहानाबाद लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उपचार किए जाने के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। स्वास्थ्य में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।
सीएचसी जहानाबाद के चिकित्सक डॉ. श्याम सिंह सचान ने बताया कि सांप के काटने के बाद मरीज को समय पर अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई, जिसके बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

