हर शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन, कछला कांवड़ मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन रहेगा प्रतिबंधित
एमडी न्यूज संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूं
बदायूं। श्रावण मास-2026 के दौरान कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए बदायूं पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। जनपद कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी तथा बदायूं के कछला गंगा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए भारी, मध्यम एवं हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
श्रावण मास का प्रथम सोमवार 3 अगस्त, द्वितीय सोमवार 10 अगस्त, महाशिवरात्रि 11 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त तथा चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त 2026 को है।
शुक्रवार रात 8 बजे से लागू होगा डायवर्जन
यातायात डायवर्जन प्रत्येक शुक्रवार को रात 8 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक लागू रहेगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार 11 अगस्त को भी रात 8 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
भारी वाहनों के लिए यह रहेगी मार्ग व्यवस्था
फर्रुखाबाद/शाहजहांपुर से आगरा, मथुरा और अलीगढ़ जाने वाले भारी वाहनों को उसावां-म्याऊ चौकी से डहरपुर-दातागंज होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे तथा वनकोटा टोल प्लाजा से बिल्सी-मुजरिया-सहसवान-गुन्नौर-नरौरा-अलीगढ़ की ओर भेजा जाएगा।

बरेली से कासगंज, आगरा और अलीगढ़ जाने वाले भारी वाहन गैनी-आंवला-बिसौली-सहसवान-गुन्नौर-नरौरा-अलीगढ़ होकर जाएंगे।
मुरादाबाद/संभल से कासगंज और आगरा जाने वाले भारी वाहनों को चंदौसी-बहजोई-बबराला-गुन्नौर-नरौरा-अलीगढ़ होकर भेजा जाएगा।
मुरादाबाद/चंदौसी से फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जाने वाले भारी वाहन बिसौली अथवा वनकोटा-वजीरगंज से गंगा एक्सप्रेस-वे होते हुए दातागंज-डहरपुर टोल प्लाजा के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
कासगंज/आगरा से फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जाने वाले वाहनों को अलीगढ़-नरौरा-गुन्नौर-सहसवान-बिसौली से वनकोटा टोल प्लाजा और गंगा एक्सप्रेस-वे होते हुए डहरपुर टोल प्लाजा की ओर भेजा जाएगा।
कासगंज/आगरा से बरेली जाने वाले वाहन अलीगढ़-नरौरा-गुन्नौर-सहसवान-बिसौली-आंवला-अलीगंज-अखा-गैनी होकर जाएंगे।
रोडवेज बसों और हल्के वाहनों का भी बदला रूट
बदायूं से बरेली आने-जाने वाली रोडवेज बसें एवं अन्य हल्के वाहन नवादा चौकी से कुंवरगांव-आंवला-अलीगंज-गैनी-रामगंगा होकर आवागमन करेंगे।
बदायूं से मुरादाबाद, नोएडा और दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसें एवं अन्य हल्के वाहन रोडवेज बस स्टैंड से खेड़ा नवादा चौकी-बिसौली-सहसवान-गुन्नौर-नरौरा होकर जाएंगे।
बदायूं से फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर जाने वाली रोडवेज बसों एवं हल्के वाहनों को रोडवेज बस स्टैंड-पुलिस लाइन चौराहा-दातागंज तिराहा-रेलवे क्रॉसिंग-दातागंज-बेलाडांडी-जैतीपुर-मदनापुर-जलालाबाद के रास्ते भेजा जाएगा।
बदायूं नगर से एटा, अलीगढ़, आगरा और मथुरा जाने वाले हल्के वाहन एवं रोडवेज बसें जालंधरी सराय रोड से शेखूपुर-कादरचौक-कादराबाद होकर अपने गंतव्य तक जाएंगी।
कछला तक कांवड़ मार्ग पर सामान्य वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित
सबसे महत्वपूर्ण व्यवस्था के तहत बदायूं नगर से गंगा घाट कछला तक कांवड़ मार्ग पर कांवड़ वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
17 स्थानों पर रहेगा डायवर्जन
पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा कछला रोड सहसवान, मुजरिया चौराहा, उझानी बड़ा बाईपास, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, नौशेरा तिराहा, बिल्सी मोड़ तिराहा, एआरटीओ चौराहा, सरदार पटेल चौक बड़ा बाईपास, आंवला-कुंवरगांव चौराहा बड़ा बाईपास, बीआरबी तिराहा बड़ा बाईपास, सरदार भगत सिंह चौक, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़, कैशव चौकी, डहरपुर, म्याऊ तिराहा और जालंधरी सराय चौराहा पर यातायात डायवर्जन कराया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ने अथवा यातायात की परिस्थितियों को देखते हुए डायवर्जन की तारीख, रूट और व्यवस्था में आवश्यकता के अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण फोन नंबर
पुलिस अधीक्षक नगर: 9454401022
क्षेत्राधिकारी यातायात: 9454401317
जिला नियंत्रण कक्ष: 9454402956
प्रभारी यातायात: 8218940661
