एडीटीओआई उत्तर प्रदेश चैप्टर के चुनाव में वाराणसी का दबदबा, संतोष सिंह बने चेयरमैन


नीरज नियोटिया सचिव और अनामिका मिश्रा कोषाध्यक्ष निर्वाचित, पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने दी बधाई


वाराणसी/नई दिल्ली, 29 जुलाई।
एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया (एडीटीओआई) के उत्तर प्रदेश चैप्टर का द्विवार्षिक चुनाव बुधवार को नई दिल्ली स्थित एडीटीओआई कार्यालय में संपन्न हुआ। चुनाव में वाराणसी के ट्रैवल एजेंट संतोष सिंह भारी मतों से विजयी होकर चैप्टर चेयरमैन निर्वाचित हुए। वहीं नीरज नियोटिया सचिव और अनामिका मिश्रा कोषाध्यक्ष चुनी गईं। तीनों प्रमुख पदों पर वाराणसी के प्रतिनिधियों के निर्वाचित होने से शहर के पर्यटन एवं ट्रैवल उद्योग में खुशी का माहौल है।
नवनिर्वाचित चैप्टर चेयरमैन संतोष सिंह ने कहा कि संगठन उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के पर्यटन स्थलों के विकास तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न शहरों में रोड शो आयोजित कर पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन उद्योग से जुड़े सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
चैप्टर सचिव नीरज नियोटिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिससे प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी तथा बौद्ध पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अधिक से अधिक पर्यटन व्यवसायियों को संगठन से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से पर्यटन कारोबारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष अनामिका मिश्रा ने कहा कि संगठन की गतिविधियों को और मजबूत बनाने तथा पर्यटन उद्योग से जुड़े सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे वाराणसी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि तीनों प्रमुख पदों पर काशी के प्रतिनिधियों का चयन उत्तर प्रदेश के पर्यटन उद्योग में शहर की बढ़ती भूमिका का प्रमाण है।
इस अवसर पर इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के अध्यक्ष रवि गोसाई, एडीटीओआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी.पी. खन्ना, फिक्की उत्तर प्रदेश पर्यटन समिति के अध्यक्ष प्रतीक हीरा, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की राष्ट्रीय पर्यटन समिति के चेयरमैन राहुल मेहता, आईएटीओ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, वीटीजी अध्यक्ष सुभाष कपूर, वीटीए अध्यक्ष राशिद खान सहित पर्यटन उद्योग से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *