रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कसौधन(एमडी न्यूज़)
महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में करीब 60 से 65 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग महिला चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और वह अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है।पुलिस के अनुसार, घटना 31 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे थाना क्षेत्र के सबया ढाला के पास हुई। देर रात करीब 10:00 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा से सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई।

घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि महिला फिलहाल अपना नाम और पता बताने में असमर्थ है।
कोठीभार पुलिस द्वारा महिला की पहचान कराने और उसके परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने पर तत्काल परिजनों को सूचना दी जाएगी।पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं है।
