बाजना (मथुरा)। नगर पंचायत बाजना के वार्ड नंबर 03 दाऊजी नगर की गली में बारिश के बाद गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। गली में कई फीट तक पानी भर जाने से स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को घरों से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पूरी गली पानी से भर जाती है। गली के निकास स्थल पर बनी नाली एवं जल निकासी व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से वर्षा का पानी समय पर बाहर नहीं निकल पाता, जिससे पूरी गली जलमग्न हो जाती है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन से गली का निरीक्षण कर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, नालियों की मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार सीसी सड़क एवं निकास व्यवस्था का निर्माण कराने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी बारिश में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस समस्या पर कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है।


