कोठीभार (महराजगंज)। महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर के पोखरा टोला निवासी चार बच्चे—राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार—निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए।

बताया गया कि तीनों बच्चों को डूबता देख उनके साथ मौजूद राजबीर घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला।

इसके बाद तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

कोठीभार थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

17 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *