एमडी न्यूज ब्यूरों गोंडा- अजीत यादव

गोण्डा- जनपद गोंडा में बिना लाइसेंस संचालित अमन फार्मास्युटिकल्स के तीन गोदामों पर हुई छापेमारी के बाद अब गोंडा समेत आसपास के जिलों के 150 से अधिक मेडिकल स्टोर संचालक जांच के रडार पर आ गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग इन मेडिकल स्टोरों और थोक विक्रेताओं के दवा खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहा है। 16 से 19 जुलाई के बीच नौ जिलों से आई औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब ₹1.13 करोड़ मूल्य की अवैध, नकली और नशीली दवाएं बरामद की थीं। विभाग के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क की जांच लगातार जारी है। मुख्य आरोपी अमन कसौधन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी 14 जून से फरार है और आशंका है कि वह नेपाल भाग गया है। उसकी तलाश में कई पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। जिला औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा ने बताया कि अमन फार्मास्युटिकल्स का थोक दवा बिक्री का लाइसेंस वर्ष 2025 में ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद अवैध कारोबार जारी था। मामले में 19 दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
विभाग का कहना है कि जांच के दौरान कई मेडिकल स्टोर संचालकों और थोक विक्रेताओं के नाम सामने आए हैं। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों की गतिविधियों की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी छापेमारी की जाएगी।

30 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed