सीतापुर में महिला से चेन लूट की वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। सोमवार सुबह करीब 6 बजे कनवाखेड़ा से फायरिंग बट रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर जंगल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 226/26, धारा 309(4) बीएनएस में वांछित बदमाशों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चेन लूट की घटना में शामिल दोनों बदमाश बाइक से कनवाखेड़ा मार्ग की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फायरिंग बट रोड के जंगल के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।

👮 जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल

पुलिस ने आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के लिए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान कामिल पुत्र हसन अख्तर और फरमान पुत्र यूसुफ के पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ में महिला पुलिस अधिकारियों की टीम भी शामिल रही। पुलिस के मुताबिक सदर बाजार चौकी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक स्वाति चतुर्वेदी, तानसेनगंज चौकी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक पूजा कटियार, सोग प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। इसके अलावा 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, 12 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार लूटी गई चेन के दो टुकड़े भी आरोपियों के पास से मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक कामिल और फरमान शहर कोतवाली क्षेत्र में महिला से हुई चेन लूट की वारदात में वांछित थे। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने चेन लूट की घटना का 36 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

📢 सीओ सिटी ने दी जानकारी

सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि पुलिस ने चेन लूट की घटना का 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed