महमूदाबाद, सीतापुर। जिले के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एक गांव का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित सोनी पुत्र मुरली सोनी ने बताया कि उनके दो मकान हैं। एक मकान गांव के अंदर है, जबकि दूसरा गांव के बाहर स्थित है। शुक्रवार रात पूरा परिवार गांव के अंदर वाले घर में मौजूद था। इसी दौरान चोर गांव के बाहर स्थित बंद मकान तक पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए।


चोरों ने घर में रखे कीमती सामान को निशाना बनाते हुए सोने का हार, मांग बेदी, हाथ का फूल, सोने की चेन, पायल, बिछिया, कमर बिछुआ सहित अन्य जेवरात और करीब 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही महमूदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है और चोरों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *