महराजगंज। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जुलाई माह की रैंकिंग में महराजगंज पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं प्रदेश स्तर पर महराजगंज पुलिस को 8वां स्थान प्राप्त हुआ है।जारी जानकारी के अनुसार, महराजगंज पुलिस ने कुल 500 में 393 अंक, यानी 78.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इस उपलब्धि को जनपद पुलिस की कार्यकुशलता, प्रभावी पुलिसिंग और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन के साथ महराजगंज पुलिस ने कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी कार्यप्रणाली को मजबूती से प्रदर्शित किया है। मंडल स्तर पर प्रथम स्थान और प्रदेश स्तर पर आठवां स्थान मिलने से पुलिस विभाग में भी उत्साह का माहौल है।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि सुरक्षा, सेवा और समर्पण के साथ बेहतर पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस उपलब्धि को जनपद पुलिस की टीम के सामूहिक प्रयास और बेहतर कार्यप्रणाली का परिणाम माना जा रहा है।
![]()
